करवा चौथ पर 500 जोड़ों ने किया सामूहिक पूजन:बैतूल के बालाजीपुरम और कृष्ण मंदिर में आयोजन, पति की लंबी उम्र की कामना

करवा चौथ पर 500 जोड़ों ने किया सामूहिक पूजन:बैतूल के बालाजीपुरम और कृष्ण मंदिर में आयोजन,  पति की लंबी उम्र की कामना

बैतूल में करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना से सुहागिन महिलाओं ने निर्जल व्रत रखा। बालाजीपुरम सहित कृष्ण मंदिर पंजाबी मोहल्ला, राजेंद्र वार्ड में सामूहिक पूजन के आयोजन हुए। बालाजीपुरम में करीब 500 जोड़ों ने एक साथ पूजन किया। वहीं, कृष्ण मंदिर में पंजाबी और सिंधी समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा माता की पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया। बालाजीपुरम में गुजरात से आए पंडितों ने विधि-विधान से सामूहिक पूजन कराया। इस दौरान महिलाओं ने करवा चौथ की पूजा कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद सभी जोड़ों को भोजन भी कराया गया। तूफान अर्नब के कारण मौसम में हुए बदलाव से वातावरण में ठंडक घुल गई थी, लेकिन इसके बावजूद आयोजन में शामिल जोड़ों का उत्साह बना रहा। इस मौके पर बालाजी मंदिर के संस्थापक सैम वर्मा और उनकी पत्नी तथा मंदिर के मुख्य पुजारी असीम पंडा विशेष रूप से मौजूद रहे। इधर, श्री कृष्ण मंदिर पंजाबी मोहल्ला, राजेंद्र वार्ड में पंजाबी और सिंधी समाज की महिलाओं ने सामूहिक पूजन कर करवा चौथ मनाया। सुहागिन महिलाओं ने सबसे पहले गौरी-गणेश और करवा माता की पूजा की। इसके बाद करवा चौथ की कथा सुनी और एक-दूसरे को थाली देकर फेरे लगाए। रात में चंद्रमा के दर्शन होने पर महिलाओं ने चंद्रदेव का पूजन किया। चलनी से पहले चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखकर पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना की। पूजन के माध्यम से सामाजिक मेल-मिलाप
इस आयोजन में पंडिताइन सुनीता शर्मा, कमलेश झाम, श्वेता बतरा, रिया बतरा, अलका झाम, स्वाती सलूजा, आकांक्षा सलूजा, निशा झाम, योगिता खुराना, लीनू खुराना, श्वेता मोटवानी, सपना मोटवानी, संगीता मोटवानी, संतोष झाम, भारती आहूजा, मोनिका आहूजा, अंशु झाम और अनिता खुराना सहित अन्य सुहागिन महिलाएं मौजूद रहीं। दोनों आयोजनों में महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया। सामूहिक पूजन के माध्यम से सामाजिक मेल-मिलाप और पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता भी देखने को मिली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *