शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार पर पार्टी नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के “मुख्य साजिशकर्ताओं” को संरक्षण देने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। शिवसेना (उबाठा) के मानपाडा वार्ड प्रमुख पूर्णेकर की 29 सितंबर को हत्या कर दी गई थी। उन्हें पहले गोली मारी गई और फिर धारदार हथियारों से हमला किया गया।
राज्यसभा सदस्य संजय राउत के साथ यहां एक संवाददाता सम्मेलन में वर्ली के विधायक आदित्य ने कहा, प्रदीप पूर्णेकर की हत्या स्पष्ट रूप से राजनीतिक हत्या है। संदिग्धों के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ताओं को क्यों बचा रहे हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला, तो ठाणे में एक विशाल मोर्चा निकाला जाएगा।
आदित्य ने सवाल उठाया, “ऐतिहासिक रूप से बिहार को खराब शासन के उदाहरण के रूप में उद्धृत किया जाता था, लेकिन ठाणे में स्थिति इस हद तक बिगड़ गई है कि लोग यह कहने पर मजबूर हैं कि बिहार इससे बेहतर है। जब पूर्णेकर का बेटा राम प्रभारी मंत्री (एकनाथ शिंदे) से मिलना चाहता था, तो उसे हिरासत में ले लिया गया। जेड श्रेणी की सुरक्षा होने के बावजूद प्रभारी मंत्री इतने डरे हुए क्यों हैं?”
वहीं, राउत ने दावा किया कि महाराष्ट्र ने देवेंद्र फडणवीस जैसा कमजोर मुख्यमंत्री कभी नहीं देखा।
उन्होंने कहा, “ठाणे की स्थिति बीड से भी बदतर है।”

