केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को अंबाला छावनी में 1857 की पहली आजादी की लड़ाई के शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे गांधी ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांधी ग्राउंड पहुंचे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री अनिल विज भी मौजूद रहे। दोनों ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मंच, सुरक्षा, वीवीआईपी और वीआईपी के आवागमन, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग सहित अन्य इंतजामों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। शहीदी स्मारक के उद्घाटन के बाद होगी जनसभा 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंबाला छावनी में बने अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य अतिथि भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसपी अजीत सिंह शेखावत, नगर निगम आयुक्त वीरेंद्र सहरावत, एसडीएम कनिका गोयल और शहीदी स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 1857 की क्रांति के वीरों की गाथा बताएगा अंबाला का शहीदी स्मारक वहीं कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंबाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक-1857 का लोकार्पण करेंगे। विज ने कहा कि इस स्मारक का उद्देश्य आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले उन वीरों को सम्मान देना है, जिन्हें इतिहास में उचित पहचान नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि सितंबर 1857 में अंबाला छावनी के परेड ग्राउंड में 5वीं और 60वीं नेटिव इन्फैंट्री के सैनिकों पर कार्रवाई के दौरान 135 सैनिक मारे गए, 33 को बंदी बना लिया गया, जबकि करीब 40 सैनिक भागने में सफल रहे। विज ने यह भी कहा कि हरियाणा के सभी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को सरकारी खर्च पर शहीदी स्मारक दिखाया जाएगा।

