कांकेर में ग्रैंड विजन फर्म के सेट टॉप बॉक्स और केबल टीवी प्रसारण के दूसरे डिवाइस पर कब्जा करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में GTPL से जुड़े साहेब जिशान अली खान, साजिद खान और मतिन खान के नाम शामिल हैं। फर्म का आरोप है कि तीनों ने उसके 5.57 लाख रुपए के डिवाइस अपने कब्जे में रख लिए। डिवाइस वापस मांगने पर लौटाने से इनकार किया और धमकी भी दी। शिकायत पर कांकेर पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 318 सेट टॉप बॉक्स समेत दूसरे डिवाइसों पर कब्जा पुलिस के मुताबिक, ग्रैंड विजन फर्म रायपुर के मैनेजर ने कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि फर्म नवंबर 2022 से कांकेर के अलग-अलग इलाकों में केबल टीवी प्रसारण का काम कर रही थी। इसके लिए स्थानीय केबल ऑपरेटरों को सेट टॉप बॉक्स और दूसरे डिवाइस दिए गए थे। फर्म का आरोप है कि साहेब जिशान अली खान, साजिद खान और मतिन खान ने GTPL के साथ मिलकर धोखाधड़ी की और फर्म के उपकरण अपने कब्जे में रख लिए। 5.57 लाख रुपए के डिवाइसों का मामला शिकायत के अनुसार, ग्रैंड विजन ने 318 नए सेट टॉप बॉक्स दिए थे, जिनकी कीमत करीब 4.77 लाख रुपए है। इसके अलावा फाइबर केबल, वायर, पैच कार्ड, स्प्लिटर और दूसरे प्रसारण उपकरणों की कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। इस तरह कुल 5.57 लाख रुपए के उपकरणों पर कब्जा करने का आरोप है। उपभोक्ताओं के घरों से निकाल लिए सेट टॉप बॉक्स फर्म ने शिकायत में बताया कि नवंबर 2022 से अक्टूबर 2026 तक केबल प्रसारण के बदले हर महीने सब्सक्रिप्शन शुल्क मिलता रहा। आरोप है कि 14 अक्टूबर 2026 को बिना पहले सूचना दिए उपभोक्ताओं के घरों से सेट टॉप बॉक्स निकालकर अपने कब्जे में ले लिए गए। जब ग्रैंड विजन की ओर से उपकरण वापस मांगे गए, तो आरोपियों ने उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर लो। पुलिस ने दर्ज किया मामला ग्रैंड विजन फर्म की शिकायत पर कांकेर पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को साहेब जिशान अली खान, साजिद खान और मतिन खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

