बुलंदशहर में युवक के हत्या के आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर 4 दिन बाद गिरफ्तार किया गया। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में चार दिन पुराने हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे खुलासा किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल गमछा, वारदात में प्रयुक्त बस, मृतक का मोबाइल फोन और टिफिन बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को ग्राम गाजीपुर निवासी अनिता ने सिकंदराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई सुनील की 21 अक्टूबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने गोपालपुर कट के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान मोनू उर्फ फोनू पुत्र राम सिंह, निवासी रामलाल गढ़ी मंडावरा, थाना सिकंदराबाद और सोनू पुत्र लक्खी, निवासी ग्राम झंडा, थाना हाफिजपुर, हापुड़ के रूप में हुई है। बस में शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बस संख्या UP13ET 3529 में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें सुनील मिला, जिसे उन्होंने बातचीत के बाद बस में बैठा लिया। पुलिस के मुताबिक, बस के अंदर तीनों शराब पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर सुनील और दोनों आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने कथित तौर पर गमछे से सुनील का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बस, गमछा, मृतक का मोबाइल फोन और टिफिन बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।

