8 फीट की संकरी गली में पटाखों का भंडारण:पुलिस ने एक आरोपी को किया अरेस्ट; आसपास अन्य गोदामों में भी पटाखे होने की चर्चा

8 फीट की संकरी गली में पटाखों का भंडारण:पुलिस ने एक आरोपी को किया अरेस्ट; आसपास अन्य गोदामों में भी पटाखे होने की चर्चा

अलवर शहर में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कट्टा और दो कार्टून पटाखे बरामद कर जब्त किए हैं। मामला शहर की आटे वाली गली का है, जहां की गलियां बेहद संकरी हैं। ऐसे में यहां पटाखों का भंडारण आगजनी की स्थिति में बड़े हादसे का कारण बन सकता है। कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि पुलिस टीम देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आटे वाली गली में एक युवक पटाखों का भंडारण कर उनका कारोबार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान ऋषि कुमार निवासी आटे वाली गली के कब्जे से पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आग लगने पर दमकल पहुंचने में हो सकती है परेशानी आटे वाली गली करीब 8 फीट चौड़ी है। ऐसे में यहां आग लगने जैसी घटना होने पर दमकल की गाड़ी को अंदर तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। पटाखों के भंडारण से आग फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में अन्य बड़े गोदामों में भी पटाखे रखे होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गली में लगातार जांच और दबिश देकर अन्य स्थानों पर भी पटाखों के भंडारण की पड़ताल करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पटाखों का भंडारण कब से किया जा रहा था और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *