मुंडावर थाना क्षेत्र के हतुंडी गांव में गुरुवार को बिजली का तार टूटकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की बाइक भी जलकर नष्ट हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, हतुंडी निवासी योगेश पुत्र पूर्ण मेघवाल गुरुवार को घर से खेत जाने के लिए निकला था। वह नदी के पास से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक 11 केवी विद्युत लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। करंट की चपेट में आने से योगेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान युवक की बाइक भी आग की चपेट में आ गई और जलकर नष्ट हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने हादसे पर नाराजगी जताते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

