पीलीभीत बायपास रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही कार को बचाने के दौरान एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई। कार बिजली के पोल से टकराई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार के दोनों एयरबैग खुल गए और अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार पीलीभीत की ओर से बरेली शहर आ रही थी। इसी दौरान सामने से एक कार रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आती दिखी। उसे बचाने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और स्टीयरिंग मोड़ी, लेकिन कार पर नियंत्रण नहीं रहा। कार फिसलकर डिवाइडर पर चढ़ी और बिजली के पोल से टकरा गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बारादरी थाने की पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस से महाराणा प्रताप जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर बताई। जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और बेहतर इलाज के लिए दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और बिजली के पोल को अपने कब्जे में लिया और बायपास पर लगा जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक, रॉन्ग साइड से आ रही कार की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।

