बजरी भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, मौत:रोड क्रॉस कर रहे थे, ग्रामीणों ने बजरी माफिया पर रोक लगाने की मांग की

बजरी भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, मौत:रोड क्रॉस कर रहे थे, ग्रामीणों ने बजरी माफिया पर रोक लगाने की मांग की

भीलवाड़ा के पुर कस्बे में चुंगी नाके के पास गुरुवार दोपहर बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने पुर थाने और भीलवाड़ा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और बजरी माफिया पर रोक लगाने की मांग की। रोड क्रॉस करने के दौरान मारी टक्कर मामला भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र का है, यहां पुर बाईपास पर चुंगी नाके पास आज दोपहर में एक बजरी से भरे ट्रैक्टर ने बाइक सवार मुकेश शर्मा (39) पिता जमना लाल शर्मा निवासी बलियाखेड़ी को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की चपेट में आने से मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन हादसे के बाद ग्रामीणों में नाराजगी रही। उनका कहना है कि इस रास्ते से तेज रफ्तार में गुजरने वाले बजरी से भरे ट्रैक्टरों के कारण आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण मुकेश की जान गई। मृतक मुकेश हलवाई का काम करते थे और अपने घर से पुर आ रहे थे। इसी दौरान चुंगी नाके के पास सड़क पार करते समय ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। बेलगाम बजरी माफिया पर कार्रवाई की मांग हादसे से नाराज ग्रामीण पुर थाने पहुंचे और इसके बाद भीलवाड़ा कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि बजरी माफिया के कारण इस तरह के हादसे हो रहे हैं। उन्होंने बजरी के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे की सूचना पुर थाना पुलिस को देने के बावजूद मामले में लापरवाही बरती गई। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक विरोध जताया। बाद में आपसी सहमति बनने पर पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर ड्राइवर हादसे के बाद वाहन लेकर फरार हो गया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *