जयपुर। जामडोली में बुधवार रात ज्वेलर्स भाइयों को रास्ते में घेरकर लूट लिया गया। दोनों को बचाने दौड़ी स्थानीय महिला पर भी बदमाशों ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई। बदमाश दोनों भाइयों के गले से सोने की चेन और करीब तीन लाख रुपए कीमत की सोने की अंगूठियां रखा डिब्बा लूट ले गए। लोगों के जुटने पर भागते समय बदमाशों ने तीन हवाई फायर किए। रात करीब साढ़े आठ बजे हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, जयपुर के जामडोली स्थित एसआर ज्वेलर्स के संचालक निशु स्वर्णकार और सोनू स्वर्णकार बुधवार रात राधा विहार स्थित दुकान बंद कर स्कूटी से भरत विहार स्थित घर जा रहे थे। घर से करीब 200 मीटर पहले घात लगाकर बैठे चार-पांच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों भाई कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 38 वर्षीय सोनू के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि निशु की कमर और पैर में चोट लगी।
चीख-पुकार सुनकर बचाने दौड़ी सीमा, उस पर भी हमला
दोनों भाइयों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय निवासी सीमा भी उन्हें बचाने पहुंची। बीच-बचाव करने पर बदमाशों ने उसके पैर पर डंडे से वार कर दिया। सीमा ने बताया कि शोर सुनकर वह घर से बाहर निकली थी। दोनों भाइयों पर हमला होते देख वह उन्हें बचाने पहुंची, तभी बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। इसी दौरान लोगों के जुटने और पकड़े जाने के डर से बदमाश देशी कट्टे से तीन हवाई फायर करते हुए बाइक पर सवार होकर भाग गए।
पहले से रेकी करने की आशंका
वारदात की सूचना पर जामडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। आशंका है कि बदमाशों ने भाइयों की दिनचर्या और दुकान बंद करने के समय की पहले से रेकी की थी। स्थानीय स्कूल में पढ़ाने वाले निशु ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले सोनू पर हमला कर लूट की गई थी। इसके बाद वह रोज शाम को भाई के पास दुकान पर चले जाते हैं और रात को दोनों दुकान बंद कर साथ घर लौटते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में इससे पहले भी एक आभूषण व्यापारी के साथ लूट की वारदात हो चुकी है।
पुलिस की भूमिका पर पीड़ित ने उठाए सवाल
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों को बदमाशों के भागने की दिशा बताने के बावजूद उन्होंने पहले उपचार कराने की सलाह दी। पीड़ित के इस आरोप पर पुलिस का पक्ष लिया जाना बाकी है।
महिला के पैर में चोट कैसे लगी, स्थिति स्पष्ट नहीं
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला के पैर की पांचों उंगलियों में फ्रैक्चर की बात कही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोट डंडे के वार से लगी या गोली से, यह ऑपरेशन के बाद स्पष्ट हो सकेगा।

