गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़कर खाई में पलट गई। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बलिया निवासी क्षमा उपाध्याय (55) और उनके बेटे अनमोल उपाध्याय (28) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो बलिया से वाराणसी की ओर जा रही थी। बुधवार देर रात 12 बजे के बाद जंगीपुर थाना क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। NHAI की दोनों एंबुलेंस खराब, 108 से अस्पताल पहुंचे घायल हादसे की सूचना पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं, लेकिन दोनों खराब थीं। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने क्षमा उपाध्याय और अनमोल उपाध्याय को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया। हाइड्रा से खाई से निकाली गई क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो जंगीपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। ग्रीनफील्ड टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद वाहन को जंगीपुर थाने पहुंचाया गया। बलिया की क्षमा और अनमोल की मौत हादसे में जान गंवाने वाली क्षमा उपाध्याय बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह जयराम उपाध्याय की पत्नी थीं। मृतक अनमोल उपाध्याय उनके बेटे थे। घायलों में वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के रत्नेश मिश्रा (40), बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के बरखरा गांव निवासी मनोज चौबे (42) और मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र निवासी रमेश वर्मा शामिल हैं। रमेश वर्मा स्कॉर्पियो चला रहे थे। तीनों को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। तेज रफ्तार से हादसे की आशंका जंगीपुर थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो बलिया से वाराणसी जा रही थी। हादसे की वजह तेज रफ्तार होने की आशंका है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने भी बताया कि वाहन में पांच लोग सवार थे और सभी बलिया से वाराणसी जा रहे थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

