बलिया में 1 नवंबर को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में विधिक सहायता और जागरूकता शिविर लगेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिविर में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का पंजीकरण कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगा। उत्तर प्रदेश सरकार के अलग-अलग विभाग निर्बल वर्ग, दिव्यांगों, बच्चों, महिलाओं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने समाज कल्याण, महिला कल्याण, श्रम और दिव्यांगजन सशक्तिकरण समेत सभी विभागों को स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं। विभागों के कर्मचारी शिविर में आने वाले लोगों को अपनी योजनाओं के बारे में बताएंगे। शिविर में नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, उचित दर विक्रेता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मुख्य विकास अधिकारी बलिया एनजीओ की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। उपायुक्त, स्वतः रोजगार, बलिया स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

