Maharashtra MLC Elections में BJP और शिवसेना को एक-एक सीट, MVA का तीन पर दावा

Maharashtra MLC Elections में BJP और शिवसेना को एक-एक सीट, MVA का तीन पर दावा

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीट के लिए हुए चुनावों में बुधवार को महायुति के घटक दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी(एमवीए) ने नागपुर समेत शेष तीन सीट पर जीत का दावा किया है। दो सीट पर मतगणना जारी रहने के बीच तीन निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम औपचारिक रूप से घोषित कर दिए गए हैं। यह मतदान मतपत्र के माध्यम से कराया गया था।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज की है और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाने का दावा किया है। वर्ष 2023 में विभाजन से पहले ये दोनों सीट अविभाजित राकांपा के पास थीं। कांग्रेस ने दावा किया कि उसके उम्मीदवार ने नागपुर स्नातक सीट पर जीत हासिल कर ली है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार ने आरएसएस मुख्यालय वाले शहर में भाजपा प्रत्याशी को करारी शिकस्त दी है। अधिकारियों के अनुसार, पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था, जिसमें 72.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इन क्षेत्रों के निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके कारण ये चुनाव कराए गए थे।

महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के किरण सरनाईक विजयी रहे, जबकि पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे ने जीत दर्ज की। वहीं, पुणे स्नातक सीट पर राकांपा (शप) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव ने भाजपा की स्मिता जाधव को हराकर जीत हासिल की। बयान में कहा गया कि नागपुर स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना जारी है तथा प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से राकांपा (शप) उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘तीसरे दौर की मतगणना पूरी हो चुकी है और दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती जारी है। मैं करीब 17,000 मतों से आगे हूं। मैं उन स्नातकों और एमवीए नेताओं का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने पूरी ताकत से यह चुनाव लड़ा।’’
पाटिल का मुकाबला राकांपा के निवर्तमान एमएलसी सतीश चव्हाण से है, जो 2023 में अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए थे।

उधर, कांग्रेस ने कहा कि उसने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर अपना कब्जा बरकरार रखा है, जहां निवर्तमान एमएलसी अभिजीत वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले और निर्दलीय प्रत्याशी नितेश कराले को पराजित किया है। दोपहर तक भाजपा के कोहले को 60,924 वोट और कांग्रेस के वंजारी को 56,630 वोट मिले थे। फिलहाल दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की जा रही है जबकि वंजारी ने अपनी निर्णायक जीत का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *