बाराबंकी में बुधवार रात करीब 9:30 बजे एक दर्जन से अधिक लोगों ने परमानंद शुक्ला के घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से की गई पिटाई में परमानंद के दोनों हाथ-पैर और कई दांत टूट गए। उनकी भाभी और बेटी भी घायल हो गईं। गंभीर हालत में परमानंद को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामला हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के सराय वन पुकार गांव की है। चोरी का डीजल ले जा रही पिकअप पकड़वाई 42 वर्षीय परमानंद शुक्ला के मुताबिक, उन्होंने बुधवार रात गांव में चोरी का डीजल बेचने की सूचना पुलिस को दी थी। ग्रामीणों की मदद से उन्होंने डीजल से भरी एक पिकअप पकड़कर पुलिस के हवाले कर दी। मौके पर पहुंची हैदरगढ़ पुलिस ने पिकअप चालक और गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस पिकअप लेकर कोतवाली चली गई। पुलिस के जाने के बाद घर पर हमले का आरोप परमानंद का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। परिजनों ने पंकज दीक्षित, विकास, धीरेन्द्र, जगन्नाथ, धर्मेन्द्र तिवारी, अवधेश द्विवेदी और रवि द्विवेदी समेत अन्य लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। तीन थानों की पुलिस पहुंची घायल परमानंद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया। उनकी भाभी और बेटी को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर सीओ समीर सिंह के साथ हैदरगढ़, लोनीकटरा और सुबेहा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

