Bigg Boss Contestants: ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम शहजादा धामी ने रियलिटी शोज के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। एक्टर का कहना है कि ऐसे शो TRP बढ़ाने के लिए कंटेस्टेंट्स की छवि को अपने हिसाब से पेश करते हैं। उनके मुताबिक, शो में दिखाई जाने वाली एडिटिंग और नैरेटिव दर्शकों की राय को प्रभावित कर सकते हैं। शहजादा का ये कमेंट ऐसे समय आया है, जब ‘बिग बॉस 20’ में स्काउटओपी और लव गिल को लेकर चर्चा हो रही है।
‘TRP के लिए कंटेस्टेंट्स की छवि से खेलते हैं शो’
शहजादा धामी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि किसी रियलिटी शो को लोगों के मन में अपनी असलियत की गलत छवि बनाने की वजह नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रियलिटी शो कंटेस्टेंट्स के कामों को तोड़-मरोड़कर पेश कर सकते हैं और TRP बढ़ाने के लिए एक खास कहानी तैयार करते हैं।

एक्टर के मुताबिक, कई बार कंटेस्टेंट्स को अपनी बात रखने और अपने व्यवहार का पक्ष समझाने का पूरा मौका भी नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि शो के निर्माता तय कर सकते हैं कि दर्शकों को क्या दिखाया जाएगा, वे किस पर भरोसा करेंगे और किससे नफरत करेंगे। शहजादा ने सवाल उठाया कि क्या ये सब सिर्फ कुछ TRP हासिल करने के लिए किया जाता है।
भविष्य में रियलिटी शो करने वालों को दी चेतावनी
शहजादा ने रियलिटी शो में हिस्सा लेने की योजना बना रहे लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में सिर्फ कंटेस्टेंट्स का व्यवहार ही नहीं, बल्कि एडिटिंग और उनके बारे में तैयार किया गया नैरेटिव भी उनकी सार्वजनिक छवि को प्रभावित कर सकता है।
एक्टर ने अपने पोस्ट में इस बात पर जोर दिया कि कंटेस्टेंट्स को यह समझना चाहिए कि शो में उनकी छवि किस तरह पेश की जा सकती है। वहीं दूसरी तरफ विवाद शो के लिए मनोरंजन और मुनाफे का जरिया बन सकते हैं। हालांकि, शहजादा ने अपनी पोस्ट में किसी खास शो का नाम नहीं लिया। लेकिन मौजूदा विवादों के बीच उनकी टिप्पणी को रियलिटी शो के प्रारूप और उसमें कंटेस्टेंट्स की छवि पेश करने के तरीके पर सवाल के तौर पर देखा जा रहा है।
‘बिग बॉस 18’ में भी नजर आए थे शहजादा धामी
शहजादा धामी को टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में अरमान पोद्दार के किरदार से पहचान मिली थी। वो ‘बिग बॉस 18’ का भी हिस्सा रहे थे। शो के दौरान विवियन डीसेना और रजत दलाल के साथ उनकी तीखी बहस चर्चा में रही थी। करीब एक महीने तक घर में रहने के बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था।
चुम दरंग की अरुणाचल प्रदेश की बैकग्राउंड से जुड़ी एक कमेंट्स को लेकर भी शहजादा को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब रियलिटी शोज में कंटेस्टेंट्स की छवि, एडिटिंग और TRP को लेकर उनकी टिप्पणी ने एक बार फिर इस प्रारूप पर बहस का मुद्दा सामने रखा है।

