युवक के खाते से 1.19 लाख की साइबर ठगी:बैंककर्मियों की आंखों के सामने कटे पैसे, पीड़ित ने दी रिपोर्ट

युवक के खाते से 1.19 लाख की साइबर ठगी:बैंककर्मियों की आंखों के सामने कटे पैसे, पीड़ित ने दी रिपोर्ट

जोधपुर में एक युवक के खाते से साइबर ठगों ने करीब 1 लाख 19 हजार रुपए की ठगी कर डाली। खास बात ये है कि युवक ने ना तो किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था ना ही किसी के साथ कोई ओटीपी शेयर किया था, फिर भी उनके खाते से रकम कट गई। मामले में पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। घटना मंगलवार रात की। युवक ने साइबर पोर्टल पर रात को ही शिकायत दर्ज करा दी थी, जबकि दूसरे खाते के लिए आज बैंक जाकर शिकायत दी। बैंक कर्मचारियों की आंखों के सामने खाते से कटी रकम पीड़ित रमेश सिंह ने बताया कि ठगों ने उनके 2 बैंकों के खातों से रकम निकाली। एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख रुपए और इंडसइंड बैंक के खाते से 19 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित रमेश जब इसकी शिकायत करने सूरसागर स्थित इंडसइंड बैंक पहुंचा तो वहां भी उनकी आंखों के सामने बैंक में ही उनके खाते से 372 रुपए, 50 रुपए और 18 रुपए का ट्रांजैक्शन कर अकाउंट साफ कर दिया। गनीमत यह रही कि खाते में सिर्फ इतने ही पैसे बचे थे, वरना ठग और बड़ी रकम पर हाथ साफ कर सकते थे। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आते देख पीड़ित ने देर रात ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के बाद भी आ रहे हैं ओटीपी, बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल पीड़ित रमेश सिंह का मुख्य आरोप है कि इंडसइंड बैंक को आधिकारिक रूप से सूचना देने और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद उनके फोन पर लगातार ओटीपी आ रहे हैं। साइबर पोर्टल और बैंक को सूचना मिलने के बाद भी इस तरह लाइव ट्रांजैक्शन होने से बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित ने साइबर थाने पहुंचकर पुलिस को भी इस पूरी घटना की जानकारी दे दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *