शहर के सराफा बाजार से लगे चौमुखीपुल क्षेत्र स्थित ‘भंडारी ज्वेलर्स’ पर करीब 8 दिन पूर्व हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा रतलाम पुलिस आज (बुधवार) को कर सकती है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनके पास से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी इंदौर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चोरी की घटना 20 और 21 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 3:50 बजे हुई थी। शातिर चोरों ने पहचान छिपाने के लिए कोरोना काल में इस्तेमाल होने वाली PPE किट पहन रखी थी और चेहरों को कपड़े से ढक रखा था। दरवाजे का नकूचा तोड़कर घुसे थे अंदर दुकान संचालक रजत भंडारी 20 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार ने उन्हें फोन कर दुकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। जब रजत दुकान पहुंचे, तो दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान से लगभग 2 लाख रुपये से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे और कड़ियां चुरा ले गए थे। साथ ही गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए थे। CCTV में कैद हुए थे चोर चोरी की सूचना पर एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान व पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन चोर हाथों में टॉर्च लिए PPE किट में नजर आए थे। मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। संभावना है कि बुधवार दोपहर पुलिस चोरों का खुलासा करेगी।

