लुधियाना के पॉश और व्यस्त बाजार घुमार मंडी में झपटमारी की वारदात सामने आई है। खालसा कॉलेज के पास परिवार के साथ कार में पहुंचे कारोबारी के गले से अज्ञात युवक करीब 3 तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। कारोबारी चांप की रेहड़ी पर ऑर्डर का इंतजार कर रहा था, जबकि उसका परिवार कार में बैठा था। वारदात के दौरान चेन का कुछ हिस्सा टूटकर कारोबारी के हाथ में रह गया, जबकि बाकी चेन लेकर आरोपी फरार हो गया। घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऑर्डर का इंतजार कर रहा था कारोबारी, पीछे से मारा झपट्टा पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह कार सेल-परचेज का कारोबार करते हैं। वह परिवार के साथ घुमार मंडी गए थे। खालसा कॉलेज के पास चांप खाने के लिए रुके। उनका परिवार कार में ही बैठा रहा, जबकि वह खुद ऑर्डर देने के लिए नीचे उतरकर रेहड़ी के पास खड़े हो गए। राहुल के मुताबिक, वह ऑर्डर का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक आसपास पैदल घूमता नजर आया। मौका मिलते ही युवक पीछे से आया और उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। चेन का कुछ हिस्सा टूटकर उनके हाथ में रह गया, जबकि बाकी हिस्सा लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया। शोर मचाने से पहले ही भागा आरोपी अचानक हुई वारदात से कारोबारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वहां से भाग निकला। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी के हुलिए और फरार होने के रास्ते की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज से सुराग जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

