लखनऊ के चिनहट के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी 2026-27 लगी। छात्राओं ने विज्ञान और तकनीक के 60 मॉडल पेश किए। ड्रोन, रोबोटिक्स कार, 3डी प्रिंटेड खिलौने और स्मार्ट कृषि मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। प्रदर्शनी का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार और मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने किया। कक्षा 9 से 12 तक की 110 छात्राओं ने इसमें हिस्सा लिया। आंख का 3डी मॉडल से समझाई संरचना छात्राओं ने अपने मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता अतिथियों को समझाई। उन्होंने वैज्ञानिक आधार भी आत्मविश्वास से बताया। रसायन विज्ञान में इलेक्ट्रॉनों के वितरण और यौगिकों की संरचना से जुड़े मॉडल बनाए गए। जीव विज्ञान में आंख की संरचना का 3डी मॉडल प्रस्तुत किया गया। भौतिक विज्ञान में प्रकाश के परावर्तन की तकनीक दिखाई गई। स्मार्ट एवं सतत कृषि, ड्रेनेज क्लीनर और बाढ़ चेतावनी से जुड़े मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। गणित के रोचक मॉडल भी प्रदर्शनी में शामिल रहे। ड्रोन और रोबोटिक्स कार ने खींचा ध्यान अटल टिंकरिंग लैब और स्टेम लैब के प्रोजेक्ट भी प्रदर्शनी में रखे गए। इनमें ड्रोन, रोबोटिक्स कार और 3डी प्रिंटर से तैयार खिलौने शामिल रहे। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने प्रोजेक्ट देखकर छात्राओं से उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। उनके प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्या रश्मि गुप्ता ने कहा कि वैज्ञानिक सोच और शिक्षा के मानवीय मूल्यों के समन्वय से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनका संकल्प है। डॉ. दिनेश बोले- वैज्ञानिक सोच दिखा रहे मॉडल डॉ. दिनेश कुमार ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मॉडल छात्राओं की वैज्ञानिक सोच और नए विचारों का परिणाम हैं। उम्मीद है कि ये मॉडल आगे होने वाली विज्ञान प्रतियोगिताओं में विद्यालय को नई पहचान दिलाएंगे। सीनियर वर्ग में वंशिका, विजेता, रिया और नंदिनी शर्मा ने बेहतर प्रस्तुतीकरण किया। जूनियर वर्ग में शिखा यादव, मानसी, रुचि और शालू ने अपने मॉडल प्रभावी ढंग से समझाए।

