PNB में 35 करोड़ की हेराफेरी-5 कर्मचारी निलंबित:ग्रेटर नोएडा की शाखा में गड़बड़ी, खाताधारकों को पैसे वापसी का भरोसा दिया

PNB में 35 करोड़ की हेराफेरी-5 कर्मचारी निलंबित:ग्रेटर नोएडा की शाखा में गड़बड़ी, खाताधारकों को पैसे वापसी का भरोसा दिया

ग्रेटर नोएडा के ऐच्छर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों के करीब 35 करोड़ रुपए की रकम में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की एफडी समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी। कई लोगों ने खातों से रकम गायब होने और एफडी खत्म होने की शिकायत की है। मामला सामने आने के बाद बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने ब्रांच मैनेजर समेत 5 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। उनकी जगह नए स्टाफ की तैनाती की गई है। वहीं, बीटा-2 कोतवाली पुलिस को अब तक 16 लोगों ने शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एंटी करप्शन टीम भी गड़बड़ी की जांच में जुटी है। ट्रांसपोर्टर ने 25 लाख रुपए गायब होने की शिकायत की ऐच्छर गांव निवासी ट्रांसपोर्टर विनीत भाटी ने मंगलवार को बीटा-2 कोतवाली में शिकायत देकर 25 लाख रुपए वापस दिलाने और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। विनीत के मुताबिक, वह जय शिव ट्रांसपोर्ट नाम से फर्म चलाते हैं और बैंक में उनका करंट अकाउंट है। उन्होंने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए बैंक कर्मचारियों से संपर्क किया था। आरोप है कि ब्रांच मैनेजर के कहने पर उन्होंने चेक और संबंधित ब्रोशर पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद रकम उनके सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर होने के बजाय किसी दूसरे खाते में भेज दी गई। विनीत का आरोप है कि जिस खाते में रकम भेजी गई, वह उनके नाम से बताया गया, लेकिन उनका अपना खाता नहीं था। एयरपोर्ट के लिए जमीन गई, मुआवजे के एक करोड़ से ज्यादा गायब एक अन्य खाताधारक ने बताया कि उनकी मां की जमीन नोएडा एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले खाते में करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपए का मुआवजा आया था। परिवार ने इसमें से केवल 15 लाख रुपए निकाले थे। खाताधारक के मुताबिक, अब एक करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम खाते से गायब है। बैंक ने पैसे लौटाने का भरोसा दिया बैंक से जुड़े लोगों ने प्रभावित खाताधारकों को भरोसा दिया है कि उनकी रकम बुधवार तक खातों में वापस आ जाएगी। साथ ही, गड़बड़ी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जांच की जा रही है। हालांकि, बैंक की ओर से अभी तक पूरे मामले में विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। पुलिस शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *