निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर में अब श्रद्धालु नकद के बजाय QR कोड, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा एकीकृत मंदिर प्रबंधन प्रणाली (ITMS 2.0) के तहत शुरू की गई है। रामराजा लोक के नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों के किराये का भुगतान भी इसी व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है। मंदिर की प्रबंधन प्रणाली से जुड़ीं पेमेंट मशीनें मंदिर में डिजिटल भुगतान की सुविधा के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) की बनाई एकीकृत मंदिर प्रबंधन प्रणाली को भारतीय स्टेट बैंक पेमेंट्स की मशीनों से जोड़ा गया है। ये मशीनें मोसाम्बी कंपनी ने उपलब्ध कराई हैं। इनमें बिना संपर्क किए भुगतान करने की सुविधा भी है। इस व्यवस्था के जरिए भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। नई सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं, ताकि मंदिर में पहले से चल रही सेवाओं पर असर न पड़े। दुकानों के किराये के बिल भी सॉफ्टवेयर से बनेंगे रामराजा लोक के नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों के किराये का प्रबंधन भी डिजिटल करने की तैयारी है। इसके लिए अलग व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके तहत दुकानों के किराये के बिल सॉफ्टवेयर से बनाए जा सकेंगे और भुगतान का रिकॉर्ड भी डिजिटल तरीके से रखा जाएगा। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश पाठक ने बताया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के किराया प्रबंधन की डिजिटल व्यवस्था पर काम जारी है। इसे जल्द शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि ITMS 2.0 के तहत सुविधाएं अलग-अलग चरणों में लागू की जा रही हैं, ताकि मौजूदा सेवाएं निर्बाध चलती रहें। भुगतान और रिकॉर्ड रखने में होगी आसानी मंदिर में डिजिटल भुगतान के विकल्प मिलने से श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार भुगतान कर सकेंगे। वहीं, दुकानों के किराये की ऑनलाइन बिलिंग और भुगतान रिकॉर्ड से हिसाब-किताब व्यवस्थित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

