मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिरने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने एक बार फिर से दोषी ठहराया है। वर्मा ने दिग्विजय सिंह के बयान को असमय बताते हुए कहा कि सरकार गिरने के लिए जितने दोषी कमलनाथ थे, उतने ही दिग्विजय सिंह भी थे। उधर, भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस मामले में तंज कसा है। सज्जन वर्मा बोले- दिग्विजय की हर फैसले में भूमिका थी पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कमलनाथ सरकार गिरने पर दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर कहा, “मेरा बयान क्रिया की प्रतिक्रिया होता है। मैं फालतू नहीं बोलता।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमारे नेता हैं और फिलहाल वोट चोरी व SIR का मामला चल रहा है। ऐसे में दिग्विजय सिंह का कमलनाथ सरकार पर बयान देना असमय था और उनका बयान सही नहीं है। वर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार कमलनाथ की वजह से गई थी। प्रदेश का बच्चा-बच्चा जानता है कि जब कमलनाथ की सरकार थी, तब दिग्विजय सिंह उनके सिर पर सवार थे। हर निर्णय में दिग्विजय सिंह की भूमिका होती थी। सरकार गिरने के लिए जितने दोषी कमलनाथ हैं, उतने ही दोषी दिग्विजय सिंह भी हैं। दोषारोपण नहीं करना चाहिए। दरअसल, पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार गिरने के लिए कमलनाथ जिम्मेदार थे। रामेश्वर शर्मा बोले- कांग्रेस में मल्लयुद्ध चल रहा था दिग्विजय सिंह के बयान पर सज्जन सिंह वर्मा की टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर मल्लयुद्ध चल रहा था और कमलनाथ जानते हैं कि उन्हें यह दर्द किसने दिया। शर्मा ने दिग्विजय सिंह पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे इस समय राजनीतिक वनवास झेल रहे हैं और चर्चा में बने रहने के लिए नए-नए ‘पॉलिटिकल ड्रामे’ और षड्यंत्र रचते हैं।

