राजधानी जयपुर में एक व्यापारी को 20 रुपए की कचौरी खाना महंगा पड़ गया। व्यापारी स्कूटी पर बैठकर कचौरी खा रहा था तभी स्कूटी सवार 2 बदमाश व्यापारी की स्कूटी के सामने रखा 20 लाख रुपए का बैग उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे नाहरगढ़ थाना इलाके की है। घटना के दौरान व्यापारी ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन तब तक वे भाग गए। शोर सुनकर स्थानीय निवासियों ने भी चोरों का पीछा किया। बतादें, घटना के वक्त व्यापारी चंपालाल कलेक्शन के काम से निकला था और कचौरी खाने के लिए रुका था। यह वारदात वहां आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पहले देखिए वारदात के PHOTOS… रेकी कर वारदात को दिया अंजाम नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि चंपालाल माणक चौक क्षेत्र से लेकर नाहरगढ़ थाना इलाके तक कलेक्शन का काम करता है। वारदात वाली जगह पर भी उसे कलेक्शन करना था। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुका और 20 लाख रुपए से भरा बैग स्कूटी के आगे रख दिया। आरोप है कि पहले से रेकी कर रहे स्कूटी सवार दो बदमाश मौका देखकर बैग उठाकर फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात के वक्त हेलमेट लगा रखा था। इसलिए सीसीटीवी में उनके चेहरे साफ नजर नहीं आए। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवाई। पीड़ित चंपालाल की शिकायत पर नाहरगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। — ये खबर भी पढ़ें… 20 लाख की ज्वेलरी लेकर भागी युवती, VIDEO:ज्वेलर ने 500 मीटर दौड़ाकर पकड़ा, बोली-मुझे जेल जाना है, इसलिए लूट की जयपुर में ज्वेलरी शॉप से युवती सोने की अंगूठी से भरा बॉक्स लेकर भाग गई। बॉक्स में 20 लाख रुपए की कीमत की 25 अंगुठियां थीं। युवती अंगूठी खरीदने के बहाने शॉप पर पहुंची। दुकानदार ने अंगूठी का बॉक्स उसको दे दिया। (पूरी खबर पढ़ें)

