मऊ में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिख रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ गई है। मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे तक एक हजार से ज्यादा मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराकर डॉक्टरों से सलाह ली और दवाइयां भी मिलीं। शहर के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी मरीजों की भीड़ बढ़ी है। डॉक्टरों के मुताबिक, मौसम में बदलाव से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। ओपीडी परिसर में सुबह से ही मरीजों और तीमारदारों की भीड़ दिखी। मरीजों की बढ़ती संख्या देख जिला अस्पताल प्रशासन सतर्क है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. धनंजय कुमार सिंह ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर सेवाएं देने के निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। डॉ. सिंह ने लोगों से बदलते मौसम में सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने सलाह दी कि मौसम के हिसाब से कपड़े पहनें, खानपान और साफ-सफाई का ध्यान रखें। स्वास्थ्य समस्या पर डॉक्टर की सलाह के बाद ही दवा लें।

