भोपाल के VIP रोड पर खंभे से टकराई बस:11 छात्र घायल, हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी

भोपाल के VIP रोड पर खंभे से टकराई बस:11 छात्र घायल, हमीदिया अस्पताल में इलाज जारी

राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह वीआईपी रोड पर छात्रों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई। राजा भोज प्रतिमा और करबला के बीच मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद बस एक खंभे से जा लगी। खंभे का सहारा मिलने से बस पलटने से बच गई। हादसे में विद्यार्थियों और बस में सवार स्टाफ सहित करीब 10 से 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें बस स्टाफ के तीन सदस्य भी शामिल हैं। कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र से आरजेपीवी के विद्यार्थियों को लेकर जा रही थी। वीआईपी रोड पर मोड़ के दौरान बस की रफ्तार अधिक थी। चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस डिवाइडर से टकराने के बाद खंभे से जा लगी। हादसे के बाद बस को सीधा किया गया और उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों में बसंत नाम के विद्यार्थी के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपर चोट आई है। एक अन्य गंभीर रूप से घायल विद्यार्थी का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। थाना प्रभारी के अनुसार, इन विद्यार्थियों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है। अन्य घायलों को खरोंच सहित मामूली चोटें आई हैं। घायलों का हमीदिया अस्पताल में इलाज कराया गया। हादसे में घायल विद्यार्थियों के साथ बस में ड्यूटी पर तैनात तीन स्टाफ सदस्य भी शामिल हैं। फिलहाल घायलों की संख्या करीब 10 से 11 बताई जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी और बस की गति सहित अन्य तथ्यों की पुष्टि की जानी बाकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *