महीने के अंत में कानपुर का पारा गिरेगा:बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

महीने के अंत में कानपुर का पारा गिरेगा:बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

कानपुर शहर में मंगलवार को सुबह और शाम गुलाबी सर्दी का एहसास होगा, जबकि दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास कराएगी। हालांकि, महीने के अंतिम दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के असर से 28 अक्टूबर से कानपुर में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके चलते महीने के आखिरी दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। महीने के अंत में गिरेगा तापमान मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मंगलवार को दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम को हल्की ठंडक रहेगी। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती साइक्लोन ‘अर्णव’ बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है। इसका असर 28, 29 और 30 अक्टूबर को कानपुर में देखने को मिल सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी। महीने के अंतिम दिनों में सुबह और रात के समय ठंडक बढ़ने की संभावना है। दिन में गर्मी, सुबह-शाम ठंडक चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 94 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह और शाम मौसम ठंडा रहा, जबकि दोपहर में तेज धूप ने गर्मी का अहसास कराया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *