उमरिया के चंदिया वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 28 में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। जंगल से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे लोगों ने वन विभाग की टीम को देखकर सड़क पर रेत गिरा दी और वाहन लेकर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोमवार रात सोशल मीडिया पर सामने आया। विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पीओआर दर्ज किया है। वन टीम को देखकर सड़क पर गिराई रेत घटना 24 अक्टूबर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के शहडोल दौरे के चलते वन विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी वहां लगाई गई थी। इसी दौरान जंगल में रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग भागने लगे। इस दौरान उन्होंने ट्रॉली से रेत सड़क पर गिराना शुरू कर दिया। पूरी रेत सड़क पर डालने के बाद वे वाहन लेकर फरार हो गए। वनकर्मियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो से आरोपियों की पहचान वन विभाग के एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई कर रहा है। मामले में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उत्खनन स्थल चिह्नित, ट्रैक्टर की तलाश सहायक परिक्षेत्र अधिकारी कौड़िया दीपक खटीक ने बताया कि वन विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई पूरी कर ली है। जंगल में जिस स्थान से रेत निकाली जा रही थी, उसे चिह्नित कर लिया गया है। मंगलवार को पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। फरार ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। वाहन मिलने पर उसे जब्त किया जाएगा।

