लूट का आरोपी नहीं खोज पाई पुलिस, फरियादी ने ढूंढा:डेढ़ माह पहले डिलीवरी बॉय से लिफ्ट मांगी, चाकू से हमला कर बाइक ले भागा था

लूट का आरोपी नहीं खोज पाई पुलिस, फरियादी ने ढूंढा:डेढ़ माह पहले डिलीवरी बॉय से लिफ्ट मांगी, चाकू से हमला कर बाइक ले भागा था

नर्मदापुरम में चाकू से हमला कर लूट करने वाले आरोपी को पुलिस डेढ़ माह तक नहीं खोज पाई। सोमवार को लूट का शिकार हुआ फूड डिलीवरी बॉय खुद आरोपी तक पहुंच गया। मां नर्मदा और हिंगलाज माता के दर्शन के लिए आए मेहरबान सिंह अहिरवार की नजर आरोपी पर पड़ी। उसने उसे पहचान लिया। फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी अमन ओझा (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से सिर्फ हाथ घड़ी मिली है। लूटी गई बाइक, पर्स और नकदी अब तक नहीं मिली है। लिफ्ट देने के बाद चाकू से हमला किया दरअसल, मेहरबान सिंह अहिरवार बनखेड़ी के बाचापानी गांव का रहने वाला है। वह भोपाल में फूड डिलीवरी का काम करता है। 12 सितंबर को वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। औबेदुल्लागंज में आरोपी ने उससे लिफ्ट मांगी। मेहरबान ने उसे बाइक पर बैठा लिया। शाम करीब 6 बजे आरोपी ने उसे बुधनी होकर नर्मदापुरम के भीलपुरा की तरफ छोड़ने को कहा। इसके बाद बाइक हिंगलाज माता मंदिर के पास रेलवे ट्रैक की ओर ले जाने को कहा। वहां आरोपी उतर गया। कुछ देर बाद उसने मेहरबान पर चाकू से हमला कर दिया। उसने सिर पर कई वार किए। हाथ पर भी चोट पहुंचाई। मेहरबान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी उसकी बाइक, पर्स, हाथ घड़ी और बैग लेकर भाग गया। पर्स में 3 हजार रुपए रखे थे। कुछ देर बाद होश आने पर मेहरबान ने रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे रेल कर्मचारियों को घटना बताई। इसके बाद वह थाने पहुंचा। सिर में 12 टांके आए, अंगुली में रॉड डली चाकू के हमले में मेहरबान के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उसके सिर में 12 टांके आए। अंगुली की चोट के इलाज के लिए रॉड डालनी पड़ी। वह करीब डेढ़ माह से अंगुली की ड्रेसिंग करा रहा है। मेहरबान के मुताबिक, सोमवार को वह अपने पिता के साथ मां नर्मदा और हिंगलाज माता के दर्शन के लिए आया था। इसी दौरान उसने आरोपी को देखा और पहचान लिया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी गिरफ्तार, लूटा सामान नहीं मिला कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि लूट के मामले में आरोपी अमन ओझा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान फरियादी भी थाने पहुंचा था। आरोपी पर पहले से भी कई अपराध दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *