चौकीदार को बंधक बनाकर बंद फैक्ट्री में 17-लाख की लूट:एक हफ्ते तक रेकी करने के बाद 8 बदमाशों ने की लूट, 3 गिरफ्तार

चौकीदार को बंधक बनाकर बंद फैक्ट्री में 17-लाख की लूट:एक हफ्ते तक रेकी करने के बाद 8 बदमाशों ने की लूट, 3 गिरफ्तार

रायपुर के हीरापुर में बंद पड़ी इस्पात फैक्ट्री को बदमाशों ने निशाना बनाया। रात में पहुंचे 7-8 बदमाशों ने पहले चौकीदार को रस्सी से बांधा, फिर ऑफिस और फैक्ट्री में रखा एल्युमिनियम, कॉपर और दूसरे कीमती सामान लूटकर भाग गए। कबीर नगर पुलिस और एंटी क्राइम-साइबर यूनिट ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपए का सामान और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी समेत दूसरे औजार जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। एक हफ्ते तक फैक्ट्री की रेकी, फिर रात में वारदात घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। हीरापुर के तेंदुआ रोड स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदारी करते हैं। रात में ऑफिस के पोर्च में बैठे थे, तभी बाउंड्रीवॉल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति आता दिखा। चौकीदार ने उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की, तो वह पत्थर मारने लगा। इसी बीच चेहरे पर कपड़ा बांधे 7-8 अन्य लोग भी पहुंच गए। बदमाशों ने चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद ऑफिस में घुसकर एल्युमिनियम वायर के बंडल, कॉपर के सामान, एल्यूमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर कॉइल ले गए। सामान को टाटा एस वाहन में लादकर वे फैक्ट्री की दीवार तोड़कर खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर भाग निकले। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। वे वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे थे। योजना के तहत टाटा एस और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे थे। CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़ में आए आरोपी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने के लिए घटना से पहले और बाद के फुटेज का मिलान किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से सरोना निवासी संदीप नेताम को पकड़ा। पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से एलुमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर कॉइल सहित करीब 17 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। वारदात में इस्तेमाल टाटा एस, स्कूटी, कटर मशीन और ड्रिल मशीन भी जब्त की गई हैं।
पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं आरोपी पुलिस के अनुसार, संदीप नेताम पहले गुढ़ियारी थाने के चोरी और मारपीट के मामले में, उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन टिकरापारा के नकबजनी के मामले में और अजीत भारती डीडी नगर के प्रतिबंधात्मक मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप नेताम (35), अजीत भारती (30) और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) शामिल हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृति रजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस ने की। पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में अब तक चोरी, नकबजनी, मोबाइल छिनतई, लूट और डकैती के 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4.66 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *