सिंधी कैंप थाना पुलिस ने होटल में जुआ खेलने और खिलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए सात जुआरियों सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल जिनेन्द्र पैलेस के कमरा नंबर 207 में दबिश देकर आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ा। मौके से 69 हजार 780 रुपए की जुआ राशि, 156 ताश के पत्ते, हिसाब की डायरी, रजिस्टर, पेन और दो कैलकुलेटर बरामद किए गए हैं। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और होटलों में संचालित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। 25 अक्टूबर को सूचना मिली कि कांती नगर, बनीपार्क स्थित होटल जिनेन्द्र पैलेस में मैनेजर की मिलीभगत से जुआ खिलाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने होटल के कमरा नंबर 207 में दबिश दी। यहां सात व्यक्ति जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से जुआ राशि और अन्य सामग्री जब्त कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। मैनेजर पर जुआ खिलाने के लिए सुविधाएं देने का आरोप सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नुरेला ने बताया कि जांच में सामने आया कि होटल मैनेजर रोहित वर्मा जुआरियों को कमरा और जुआ खेलने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा था। आरोप है कि उसने मिलीभगत कर एक ही कमरे में सात लोगों को जुआ खेलने की अनुमति दी। पुलिस ने जुआ खेलने वाले सात आरोपियों के साथ मैनेजर को भी गिरफ्तार कर राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस (आरपीजीओ) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पहले भी हो चुकी है कार्रवाई पुलिस के अनुसार, सिंधी कैंप क्षेत्र के होटलों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे पहले भी इसी होटल में जुआ खेलने की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने होटल संचालकों और मालिकों के साथ बैठक कर अवैध गतिविधियां नहीं चलाने के लिए पाबंद किया था। इसके बावजूद जुआ संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र के होटलों पर निगरानी जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

