लखनऊ में पर्यावरण संरक्षण और ‘गो ग्रीन’ की थीम पर रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ की ओर से रविवार को जनेश्वर मिश्र पार्क से रोटरी डिस्ट्रिक्ट कार रैली निकाली गई। इसमें 110 से अधिक कारों और 12 विंटेज कारों ने हिस्सा लिया। रैली का उद्देश्य हरित जीवनशैली, सतत विकास और कार्बन फुटप्रिंट कम करने के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स) आलोक कुमार मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पूनम गुलाटी, डीआरएफसी सतपाल गुलाटी और क्लब अध्यक्ष स्तुति मित्तल सहित रोटरी के कई सदस्य मौजूद रहे। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने अपनी कारों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों से सजाया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छ और हरित पर्यावरण बनाए रखने तथा टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

