रायबरेली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वोटों की हेराफेरी के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर प्रदर्शन करेगी। पंकज तिवारी ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोटों की चोरी का मुद्दा उठाया। कहा कि चुनाव आयोग की लापरवाही से गलत नाम काटे-जोड़े जा रहे हैं, जिससे सरकारें बन रही हैं। उन्होंने रायबरेली के 180 सदर विधानसभा के बूथ संख्या 357 का उदाहरण दिया, जहां 593 वोटरों में से 57 फर्जी मिले। आशंका है कि जिले के 2,000 से ज्यादा बूथों पर लाखों फर्जी वोट हो सकते हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह अभियान चल रहा है। इसके तीसरे चरण में 1 तारीख को रायबरेली में बड़ा आंदोलन होगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आम जनता शामिल होंगे।

