झांसी में सड़क पर उपद्रव करने वाले पांच किन्नर गिरफ्तार, BNS की धाराओं में FIR दर्ज

झांसी में सड़क पर उपद्रव करने वाले पांच किन्नर गिरफ्तार, BNS की धाराओं में FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के झांसी में बधाई मांगने को लेकर हुए विवाद में कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर हंगामा करने और मार्ग अवरुद्ध करने के आरोप में पुलिस ने पांच किन्नरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। नवाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महावीरन, प्रेमनगर निवासी अनुष्का उर्फ अभिषेक, पूजा, नयनतारा रशियन और ममता के रूप में हुई है।

उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें बलवा, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, सरकारी काम में बाधा डालने, सार्वजनिक रास्ते में अवरोध पैदा करने, अश्लील हरकत करने और निषेधाज्ञा के उल्लंघन से संबंधित धाराएं शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीन दिन पहले शिवाजी नगर क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी।

इसके बाद एक गुट ने थाने पहुंचकर बबली नामक किन्नर के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा किया था। इस दौरान कुछ लोगों ने फिनाइल पीने का प्रयास भी किया था। पुलिस ने बताया कि मामले में कार्रवाई न होने से नाराज पांच किन्नर शनिवार शाम इलाईट-कचहरी मार्ग पर पहुंच गए।

आरोप है कि उनमें से कुछ ने पुलिस के खिलाफ अश्लील प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट पर आमादा हो गए। वे बबली किन्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर यातायात बाधित हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और अवरुद्ध मार्ग खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *