एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को रियाद और दम्माम के लिए अपनी-अपनी उड़ानें सात नवंबर तक रद्द रखने की घोषणा की जबकि जेद्दा के लिए सेवाएं 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और खाड़ी देशों के हवाई अड्डों पर हुए हमलों के बीच इंडिगो और अकासा एअर ने भी सऊदी अरब के शहरों के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। एअर इंडिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें सात नवंबर तक निलंबित रहेंगी, जबकि जेद्दा से आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी।’’
विमानन कंपनी ने कहा कि 24 अक्टूबर या उससे पहले जारी किए गए कन्फर्म टिकट वाले यात्री अपनी उड़ानों की बुकिंग में सुविधानुसार बदलाव कर सकते हैं या टिकट रद्द कराने पर पूरा भुगतान प्राप्त कर सकते हैं।
इससे पहले, दोनों कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द की थीं।

