बिजनौर के अफजलगढ़ कस्बे में पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण का खुलासा किया है। मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार और अधबने पटाखों के साथ विस्फोटक सामग्री बरामद की। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को एसपी केके विश्नोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि अफजलगढ़ के मोहल्ला गौहर अली खां स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए और जमा किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान का निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान वहां बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री मिली। 120 किलो पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद पुलिस ने मौके से 50 किलोग्राम तैयार दीवार मार बम, 10 किलोग्राम अधबने जमीन मार बम और 60 किलोग्राम पोटाश व गंधक बरामद की। बरामद सामग्री का कुल वजन 120 किलोग्राम बताया गया है। आरोपी गिरफ्तार, विस्फोटक अधिनियम में केस पुलिस ने मौके से रहीस पुत्र सद्दीक को गिरफ्तार किया। आरोपी अफजलगढ़ के मोहल्ला मुमताज हुसैन का रहने वाला है। उसके खिलाफ अफजलगढ़ थाने में विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। राजस्व और अग्निशमन विभाग की मौजूदगी में नष्ट कराई सामग्री पुलिस के अनुसार, जब्त की गई पटाखों और विस्फोटक सामग्री को राजस्व एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में नष्ट करा दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

