ट्रेनों में 250 के पार वेटिंग, त्योहार पर लौटना मुश्किल:अकबरपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में 30 नवंबर तक नो-रूम, 25 अक्टूबर से 98 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी

ट्रेनों में 250 के पार वेटिंग, त्योहार पर लौटना मुश्किल:अकबरपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में 30 नवंबर तक नो-रूम, 25 अक्टूबर से 98 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी

अंबेडकरनगर में करवा चौथ, दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे प्रवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्योहारों के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने से कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली दिल्ली, मुंबई, पंजाब, बिहार, कोलकाता और राजस्थान रूट की प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में 30 नवंबर तक नो-रूम की स्थिति बताई जा रही है। ऐसे में त्योहार पर परिवार के साथ समय बिताने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रमुख ट्रेनों में 250 के पार पहुंची वेटिंग सियालदह एक्सप्रेस, साबरमती एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस और मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची लंबी हो गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग 250 के पार पहुंचने से कन्फर्म टिकट मिलने की उम्मीद कम हो गई है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से 32 जोड़ी ट्रेनों का आवागमन होता है, लेकिन त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के मुकाबले मौजूदा व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। 15 दिन से टिकट बुक कराने की कोशिश, फिर भी सीट नहीं दिल्ली में निजी नौकरी करने वाले चंद्रभान पिछले 15 दिनों से टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दीपावली पर घर आने के लिए उन्हें कन्फर्म सीट नहीं मिल सकी। वहीं, मुंबई के कपड़ा कारखाने में काम करने वाले उमेश ने बताया कि वह हर साल करवा चौथ पर घर आते हैं। इस बार टिकट की वेटिंग 150 से अधिक होने के कारण उनकी परेशानी बढ़ गई है। 98 अतिरिक्त बसों से राहत देने की तैयारी ट्रेनों में कन्फर्म टिकट के लिए जूझ रहे यात्रियों को परिवहन निगम से राहत मिलने की उम्मीद है। 25 अक्टूबर से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या, प्रयागराज, आजमगढ़, मऊ, बस्ती और बलिया मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है। बस डिपो इंचार्ज लक्ष्मी सिंह के मुताबिक, यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 98 बसें संचालन में रखी जाएंगी, ताकि त्योहारों पर घर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक परिवहन सुविधा मिल सके। स्पेशल ट्रेनों पर रेलवे बोर्ड करेगा फैसला स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि त्योहारों पर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा रेलवे बोर्ड की ओर से की जाती है। टिकट काउंटर पर तत्काल टिकट की व्यवस्था की जा रही है। स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय होने पर यात्रियों को इसकी जानकारी दी जाएगी। फिलहाल यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ऐसे में अतिरिक्त बसों के संचालन से प्रवासियों को त्योहार पर घर पहुंचने का विकल्प मिलने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *