राजस्थान- इस महीने के आखिर में बारिश का अलर्ट:चूरू में ओले गिरे, 2 जिलों में बरसात; शहरों का पारा 2 डिग्री तक लुढ़का

राजस्थान- इस महीने के आखिर में बारिश का अलर्ट:चूरू में ओले गिरे, 2 जिलों में बरसात; शहरों का पारा 2 डिग्री तक लुढ़का

राजस्थान में वेस्टर्न डिर्स्टबेंस का असर शनिवार को भी रहा। चूरू सहित तीन जिलों में दोपहर बाद मौसम बदला। ओले गिरने के साथ बारिश भी हुई। बरसात के कारण तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट हुई, जिससे रात में हल्की सर्दी रही। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी रही। राज्य में आज से तीन दिन मौसम साफ रहेगा, जबकि अक्टूबर के अंत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने और उसके असर से राज्य में बारिश होने का अलर्ट है। मौसम के बड़े अपडेट्स 3 जिलों में मौसम बदला: शनिवार दोपहर बाद उत्तरी राजस्थान के मौसम में बदलाव हुआ। चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ के एरिया में बादल छाए और हवा चली। चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश से अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिसके कारण यहां दिन में भी हल्की सर्दी रही। अब कैसा रहेगा मौसम: मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज से प्रदेश में मौसम साफ रहने ​का अनुमान जताया है। अगले तीन-चार दिन कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर: शनिवार दिनभर आसमान में हल्के बादल रहे, जिससे धूप कमजोर रही। तापमान में मामूली गिरावट होने के बाद यहां अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात में हल्की हवा चलने से ठंडक रही। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले तीन-चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। अजमेर: शनिवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में गर्मी का असर रहा, जबकि रात में मौसम ठंडा रहा। अलवर: शनिवार सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह आसमान में घने बादल छाए रहे, जबकि दोपहर के समय मौसम खुल गया और धूप निकल आई। धूप निकलने के बावजूद गर्मी का असर कम रहा। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। शुक्रवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। कोटा: रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ने लगा है। हालांकि, दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। अधिकतम तापमान 37.6डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर: शनिवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान में पिछले कुछ दिनों से कमी आने से रात में हल्की ठंड होने लगी है। उदयपुर: मौसम में बदलाव के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सीकर: शनिवार को दिन में हल्के बादल छाए रहे। सुबह से धूप निकली और बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम को हल्की ठंडक का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले 3 दिन में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *