PET परीक्षा के चलते बरेली जंक्शन पर अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी बरेली अजय सहनी और एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने जंक्शन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था परखी और परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों से बातचीत की। उन्होंने उनकी जरूरतों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने प्लेटफार्मों पर गश्त की और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की जांच कराई। स्टेशन पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से उनके ठहरने और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के साधनों के बारे में पूछा। जरूरत पड़ने पर मदद का भरोसा भी दिया।

