चंदौली में माइनर में बोरे में बंद मिले दो युवकों के शवों के मामले में पुलिस संपत्ति विवाद समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। दोनों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (34) और सागर त्रिपाठी (36) के रूप में हुई है। सिद्धार्थ गाजीपुर और सागर कानपुर का रहने वाला था। सिद्धार्थ के पैतृक गांव में जमीन-जायदाद होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, हत्या के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामला धीना थाना क्षेत्र का है। तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने निकले थे दोनों जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ सिंह गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर का निवासी था। वहीं, सागर त्रिपाठी कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर का रहने वाला था। दोनों गहरे दोस्त थे। बताया जा रहा है कि वे करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद दोनों चंदौली के डेढ़गांवा तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी कड़ियां जोड़ रही है। चचेरी बहन से मिलने आया था सिद्धार्थ प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थ अपनी चचेरी बहन से मिलने धानापुर थाना क्षेत्र के मेढ़ान गांव आया था। उसकी चचेरी बहन की शादी इसी गांव में हुई है। सिद्धार्थ के पैतृक गांव में जमीन-जायदाद होने की जानकारी के आधार पर पुलिस संपत्ति विवाद की आशंका की जांच कर रही है। इस मामले में सिद्धार्थ के चचेरे बहनोई रवि सिंह का नाम भी जांच के दायरे में होने की बात सामने आई है। मोबाइल सर्विलांस से कड़ियां जोड़ रही पुलिस बताया जा रहा है कि पुलिस मोबाइल सर्विलांस के जरिए घटनाक्रम से जुड़े लोगों और दोनों युवकों के संपर्कों की पड़ताल कर रही है। एक केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी में तैनात युवक के अवकाश लेकर घर आने और घटना को अंजाम देने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रवि सिंह की भूमिका और कथित सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी की संलिप्तता को लेकर भी अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। गाजीपुर से चार युवकों से पूछताछ मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच की टीम ने दो दिनों के दौरान गाजीपुर से चार युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है। पुलिस दोनों युवकों की गतिविधियों, उनके संपर्कों और घटनास्थल तक पहुंचने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा के पास माइनर में बोरे में बंद दो युवकों के शव मिले थे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने दोनों की पहचान की थी। पुलिस अब दोहरे हत्याकांड के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

