गाजियाबाद के महरौली में नींव शक्ति संस्थान द्वारा संचालित देव भागीरथी लर्निंग सेंटर में ‘हुनर हाट दीपावली उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना था। इस कार्यक्रम की प्रेरणादायक थीम “विशेष बच्चों के हुनर का खूबसूरत संसार” रही। सीडीओ कुमार सौरभ इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक हस्तनिर्मित दीपावली उपहारों, सजावटी वस्तुओं और हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इन उत्पादों के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अलग अलग कार्यक्रमों का आयोजन समारोह के दौरान विशेष बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे पहचानने और निखारने के लिए उचित अवसर एवं प्रोत्साहन आवश्यक हैं। नींव शक्ति संस्थान की ओर से बताया गया कि हुनर हाट केवल एक दीपावली मेला नहीं, बल्कि विशेष बच्चों के कौशल, आत्मसम्मान, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का एक सार्थक प्रयास है। मेले में हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा तथा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किया जाएगा। विशेष बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ना संस्थान का उद्देश्य विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी क्षमताओं को पहचान दिलाना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है। इस प्रकार के आयोजन समाज में समावेशिता, संवेदनशीलता और समान अवसरों की भावना को सशक्त बनाते हैं। नींव शक्ति संस्थान की संस्थापक ऋचा बल्लभ खुल्बे ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक विशेष बच्चे में अपार संभावनाएं हैं। आवश्यकता केवल उन्हें अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास देने की है। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी विशेष बच्चों एवं दिव्यांगजनों की शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। यह रहे मौजूद कार्यक्रम में करियर ग्रुप के निदेशक प्रभु माहेश्वरी और सचिन माहेश्वरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, CGST के असिस्टेंट कमिश्नर विनीत गोयल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निधि कुमार झा और अन्य मौजूद रहे।

