भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की हांसी यूनिट ने हिसार जिले के चौधरीवास गांव के सरपंच अशोक कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सरपंच क्षेत्र के नलवा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक रणधीर पनिहार का करीबी माना जाता है। सरपंच पर गांव स्थित एक दाल मिल के संचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) पर हस्ताक्षर करने के एवज में 50 हजार रुपये घूस मांगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सरपंच के खिलाफ थाना एसीबी हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है कि क्या इसमें कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। ऐसे पकड़ा गया घूसखोर सरपंच शिकायतकर्ता के अनुसार, चौधरीवास स्थित उसकी दाल मिल के संचालन के लिए पंचायत से NOC की जरूरत थी। जब वह सरपंच अशोक कुमार के पास हस्ताक्षर कराने गया, तो आरोपी ने बिना रिश्वत दिए साइन करने से साफ इनकार कर दिया और 50,000 रुपये की मांग पर अड़ गया। पैसे न देने और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की नीयत से शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी सीधे एसीबी हांसी यूनिट को दी। शिकायत की पुष्टि होते ही एसीबी की टीम ने ट्रैप (जाल) बिछाया। जैसे ही पूरी योजना के तहत कार्रवाई आगे बढ़ी, एसीबी ने सरपंच अशोक कुमार को रंगे हाथों धर दबोचा। ACB चीफ एएस चावला बोले- कार्रवाई की जाएगी वहीं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हरियाणा के चीफ एएस चावला ने कहा कि एसीबी प्रदेश में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि कोई भी सरकारी अधिकारी, कर्मचारी या जनप्रतिनिधि काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो तुरंत सतर्क हरियाणा ऐप पर शिकायत दर्ज कराएं। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

