टोंक शहर के पास बनास नदी पर बने गहलोत पुल पर शनिवार को वेब सीरीज आश्रम 4 की शूटिंग हुई। शूटिंग के दौरान पुल से बनास नदी में युवती के कूदने के सीन सहित कई अन्य सीन फिल्माए गए। यहां डायरेक्टर प्रकाश झा की देखरेख में सीन फिल्माए। वेब सीरीज में अभिनेता बॉबी देओल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि आज बॉबी देओल के सीन नहीं फिल्माए गए। गहलोत पुल पर शूटिंग की सूचना मिलते ही इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पहली बार इस पुल पर हुई शूटिंग को देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए यातायात भी रोकना पड़ा। शूटिंग के दौरान पुल पर लोगों की आवाजाही और फिल्मांकन को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी रही। पुल के अलावा बनास नदी में भी कुछ सीन फिल्माए गए। बनास नदी पर करीब तीन किमी लंबे बने गहलोत पुल पर वेब सीरीज की शूटिंग देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए डायरेक्टर और प्रोडयूसर प्रकाश झा ने कहा कि यहां शूटिंग करके अच्छा लगा, लोगों का सहयोग मिला।

