छतरपुर जिले के गौरिहार क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा कि स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक सफर करने को मजबूर हैं। एक राहगीर के बनाए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे चलती बस के पायदान पर लटककर और बाहर झूलते हुए स्कूल जा रहे हैं। यह लापरवाही किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकती है। मामला बीते शुक्रवार का गौरिहार क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यह बस ‘गोलू राजा बस सर्विस’ की है, जिसमें यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। ओवरलोड बस में चढ़ने की जगह न मिलने के कारण बच्चे जान जोखिम में डालकर चलती बस के दरवाजे पर लटककर सफर कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति आए दिन देखने को मिलती है, लेकिन जिम्मेदार महकमे आंखें मूंदे बैठे हैं। पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन यह पूरा मामला राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के चंदला विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की अनदेखी के चलते बस संचालक खुलेआम सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। मामला तूल पकड़ने पर गौरिहार थाना प्रभारी रूपनारायण पटैरिया ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आ गया है। वीडियो के आधार पर बस चालक, परिचालक और संबंधित बस सर्विस के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

