श्रीमद्भागवत कथा सुनकर लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग:मंदिर से 10 मीटर की दूरी पर सिर में मारी गोली, आईसीयू में जिंदगी-मौत से जंग लड़ रहा घायल

श्रीमद्भागवत कथा सुनकर लौट रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग:मंदिर से 10 मीटर की दूरी पर सिर में मारी गोली, आईसीयू में जिंदगी-मौत से जंग लड़ रहा घायल

बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र के मथुरापुर गांव में शुक्रवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब श्रीमद्भागवत कथा सुनकर घर लौट रहे एक युवक को हमलावरों ने निशाना बना लिया। वारदात प्राचीन दुर्गा मंदिर से महज 10 मीटर की दूरी पर घनी आबादी के बीच अंजाम दी गई। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान युवक को तुरंत एसआरएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। आंख को चीरते हुए सिर में धंस गई गोली
मथुरापुर निवासी संतोष पुत्र मिढ़ाई शुक्रवार रात करीब 9 बजे गांव के प्राचीन दुर्गा मंदिर में चल रही भागवत कथा सुनने गए थे। रात करीब 10 बजे जब वह कथा समाप्त होने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। हमलावरों द्वारा चलाई गई एक गोली संतोष की बायीं आंख को चीरते हुए सिर में जाकर धंस गई, जबकि दूसरी गोली छूकर निकल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुराने मुकदमे में कोर्ट नोटिस से बौखलाए थे आरोपी
घटना को लेकर घायल संतोष की पत्नी जावित्री ने सीबीगंज थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। तहरीर के मुताबिक, जनवरी 2025 में गांव के ललित उर्फ लाला और उसके साथी करन ने संतोष के बेटे दिव्यांश की उंगली कुचल दी थी, जिसका मुकदमा थाने में दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही आरोपी पक्ष रंजिश मान रहा था और फैसले का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। हाल ही में कोर्ट से नोटिस जारी होने के बाद से आरोपी बुरी तरह बौखलाए हुए थे और इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की साजिश रच डाली। फोन पर बात के 5 मिनट बाद ही मिली गोली लगने की सूचना
पीड़िता जावित्री ने बताया कि रात करीब 9:25 बजे उन्होंने अपने पति संतोष को फोन कर छोटे बेटे विराज के बारे में पूछा था, जिस पर उन्होंने बेटे के पास न होने की बात कही थी। इस बातचीत के महज पांच-छह मिनट बाद ही गांव के एक व्यक्ति ने घर आकर सूचना दी कि संतोष को किसी ने गोली मार दी है। परिजन भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि संतोष जमीन पर लहूलुहान पड़े तड़प रहे थे। आरोप है कि ललित उर्फ लाला ने अपने साथियों करन, मदनलाल, रोहताश, विनोद और महेंद्र के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए अहम साक्ष्य
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी चिराग जैन, सीओ नितिन कुमार और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रात में ही डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई और खोखे समेत अन्य अहम साक्ष्य कब्जे में लिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *