संभल में श्रीवंशगोपाल तीर्थ सहित छह जगह कमिश्नर का दौरा:माहिष्मती नदी और मनोकामना तीर्थ जीर्णोद्धार देखा, हवन में आहुति दी

संभल में श्रीवंशगोपाल तीर्थ सहित छह जगह कमिश्नर का दौरा:माहिष्मती नदी और मनोकामना तीर्थ जीर्णोद्धार देखा, हवन में आहुति दी

संभल में मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को संभल के 68 तीर्थों, 19 कूपों के 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग, माहिष्मती नदी सहित छह स्थानों का दौरा किया। दोपहर 2 बजे शुरू हुआ निरीक्षण शाम 5 बजे तक चला। दीपावली के बाद होने वाली वार्षिक ऐतिहासिक परिक्रमा को देखते हुए उन्होंने 52 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त दोपहर करीब 1 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचीं। यहां डीएम अंकित खंडेलवाल, एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी और एडीएम सत्यप्रिय सिंह के साथ आधे घंटे तक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वह प्राचीन मनोकामना तीर्थ मंदिर पहुंचीं और माहिष्मती नदी की खुदाई के कार्य की प्रगति देखी। देखें, 4 तस्वीरें… इसके बाद मंडलायुक्त श्रीवंश गोपाल तीर्थ पहुंचीं। यहां आयोजित हवन में आहुति देकर आरती की। उन्होंने तीर्थ परिसर में कदम के वृक्ष पर जल भी चढ़ाया। इसके बाद 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। तीर्थ के महंत भगवत प्रिय ने उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट की। डीएम और एसपी ने भगवान श्रीकल्कि की प्रतिमा और संभल का 1000 वर्ष पुराना नक्शा भेंट किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं से की बातचीत मंडलायुक्त ने शेर खां सराय स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उर्दू की छात्रा से बातचीत कर पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। छात्राओं को मिलने वाले भोजन और अन्य सुविधाओं की स्थिति जानी। उन्होंने डॉरमेट्री और कंप्यूटर लैब के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया।
इसके अलावा छात्राओं के लिए बनाए गए जिम का उद्घाटन किया और उन्हें नियमित व्यायाम करने के साथ मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने विनियमित क्षेत्र से हिंद स्टेडियम को मिली सौगात का उद्घाटन किया। नगर पंचायत सिरसी में पक्षी विहार और गौशाला का भी निरीक्षण किया। दिसंबर-जनवरी तक काम पूरा करने की कोशिश मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का काम अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन डीएम के निर्देश पर इसे दिसंबर-जनवरी तक पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। कोशिश है कि दीपावली के बाद होने वाली परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसके लिए रास्ते को दुरुस्त करने के साथ लाइटिंग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
संभल के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि पर्यटन, सड़क, हाईवे और शिक्षा समेत सभी क्षेत्रों में विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। अब परिक्रमा मार्ग को निर्धारित समय से पहले पूरा करने के लक्ष्य पर काम किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एसडीएम विकास चंद्र, बीएसए अलका शर्मा, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह, सीओ अमन सिंह, इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, पालिका ईओ आदित्य प्रकाश, जेई सचिन कुमार, अमन वर्मा, नगर हिंदू सभा अध्यक्ष कमलकांत तिवारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल और पंडित शोभित शास्त्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *