बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर विधायक-सपा नेता आमने सामने:अलीगढ़ में हुआ था विवाद, सपा नेता बोले- विधायक के सामने बूथ कैप्चरिंग की कोशिश, विधायक का पलटवार- सपा ने हंगामा की बनाई

बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर विधायक-सपा नेता आमने सामने:अलीगढ़ में हुआ था विवाद, सपा नेता बोले- विधायक के सामने बूथ कैप्चरिंग की कोशिश, विधायक का पलटवार- सपा ने हंगामा की बनाई

छर्रा में MLC चुनाव के दौरान बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर भाजपा विधायक रविंद्रपाल सिंह और सपा नेता बबलू होलकर के बीच सियासी घमासान छिड़ गया है। जिला पंचायत सदस्य और विधानसभा टिकट के दावेदार बबलू होलकर ने आरोप लगाया कि विधायक की मौजूदगी में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की गई। इसका विरोध करने पर विधायक और उनके समर्थक अभद्रता करने लगे। वहीं, विधायक ने पलटवार करते हुए आरोपों को निराधार बताया और सपा पर मतदान खत्म होने से पहले जानबूझकर हंगामा कराने का आरोप लगाया। शुक्रवार को रघुनंदन इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर हुए विवाद के बाद शनिवार को दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए।
सपा नेता बोले- विरोध किया तो अभद्रता करने लगे
बबलू होलकर ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर विधायक की मौजूदगी में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की जा रही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विधायक और उनके समर्थक अभद्रता करने लगे। होलकर के मुताबिक, मतदान समाप्त होने का समय नजदीक था, इसलिए उन्होंने उस वक्त कोई शिकायत नहीं दी। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में गड़बड़ी का विरोध करने पर उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।
विधायक का आरोप- आखिरी समय हंगामा करना सपा की रणनीति
छर्रा विधायक रविंद्रपाल सिंह ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि सपा ने मतदान के अंतिम समय में बूथों पर हंगामा करने की रणनीति बनाई थी। भाजपा कार्यकर्ता अपने वोटर की पर्ची चेक करा रहा था, जबकि मतदान केंद्र के अंदर एजेंट भी पर्चियां देख रहे थे। इसी बात पर सपा कार्यकर्ताओं ने बेवजह आपत्ति की और बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। विधायक ने कहा कि उन्होंने इसी पर नाराजगी जताई थी। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे, ऐसे में बूथ कैप्चरिंग के आरोप बेबुनियाद हैं।
कल पर्ची चेक कराने पर शुरू हुआ था विवाद
शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन से पौने चार बजे के बीच रघुनंदन इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ता मुकेश गुप्ता एक युवती को वोटर पर्ची लेकर मतदान केंद्र तक छोड़कर लौटे थे। इसी पर सपा कार्यकर्ता किरण यादव ने सवाल उठाते हुए बूथ कैप्चरिंग के इरादे से अंदर जाने का आरोप लगाया। विवाद के बीच विधायक रविंद्रपाल सिंह ने अंदर जाकर स्थिति देखने की बात कही तो सपा और आजाद समाज पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने भी अंदर जाने की बात कही। दोनों पक्षों में करीब 10-15 मिनट तक नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंचे सीओ गर्वित सिंह ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। बूथ कैप्चरिंग के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *