कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत पति एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद करते हुए शनिवार को कहा कि राजीव बेहद सौम्य और आकर्षक थे तथा उनकी सौम्यता ने उन्हें पहली मुलाकात में ही प्रभावित कर दिया था। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी आगामी आत्मकथा से जुड़ा एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात और उनके प्रेम संबंध की शुरुआत के दिनों को याद किया। इंस्टाग्राम के बाद सोनिया गांधी अब ‘एक्स’ पर भी आ गई हैं और यह इस मंच पर उनकी पहली पोस्ट है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कैम्ब्रिज के एक छोटे से यूनानी रेस्तरां में मेरी प्रेम यात्रा शुरू हुई।’’
सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘राजीव और मैंने प्रेम, खुशी और यादों से भरी अपनी एक दुनिया बनाई। मैं 10 नवंबर को उस दुनिया को आप सबके साथ साझा करूंगी।’’
उनकी आत्मकथा ‘‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। वीडियो में सोनिया गांधी ने इंग्लैंड में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय वहां का खाना उन्हें पसंद नहीं था और आज की तरह इतने अधिक रेस्तरां भी नहीं हुआ करते थे।
उन्होंने कहा कि वह लगातार ऐसे रेस्तरां की तलाश में रहती थीं, जहां उन्हें अपनी पसंद का, खासकर इतालवी खाना मिल सके। सोनिया गांधी ने कहा कि इसी तलाश के दौरान उन्हें कैम्ब्रिज में एक यूनानी रेस्तरां मिला, जहां कई छात्र भोजन करने आया करते थे। उन्होंने कहा कि वहां यूरोपीय छात्रों के अलावा बड़ी संख्या में भारतीय छात्र भी आते थे और इसी रेस्तरां में उनकी पहली मुलाकात राजीव गांधी से हुई थी।
सोनिया गांधी ने कहा, ‘‘जब मैं उनसे पहली बार मिली तो मुझे उसी समय महसूस हुआ कि वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ मैं जिंदगी गुजारना चाहूंगी। बाद में मुझे पता चला कि उनकी भी मेरे प्रति यही भावना थी।’’
उन्होंने अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए यह भी कहा कि उनके और राजीव गांधी के एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था। सोनिया गांधी ने कहा कि इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने तथा विभिन्न जगहों पर घूमने लगे।
उन्होंने उस समय की एक ‘वैलेंटाइन पार्टी’ का भी जिक्र किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। सोनिया ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व के बारे में कहा, ‘‘वह बेहद सौम्य दिखने वाले व्यक्ति थे। बेशक, वह बहुत आकर्षक थे लेकिन उनकी सौम्यता साफ झलकती थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी बात थी जिसने मेरे दिल को वास्तव में छुआ और मुझे प्रभावित किया।’’
सोनिया गांधी ने कहा कि राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात के उन पलों को वह कभी नहीं भूल सकतीं।

