बैंक खाते की KYC अपडेट करने के नाम पर एक व्यक्ति से 6.42 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में अंबाला साइबर क्राइम पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी कैफ और संभल निवासी मोहम्मद उजैक के रूप में हुई है। पुलिस ने कैफ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मोहम्मद उजैक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब ठगी की रकम बरामद करने और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, शहजादपुर क्षेत्र के गांव कड़ासन निवासी अश्विनी कुमार ने 5 मार्च 2025 को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 27 फरवरी से 2 मार्च 2025 के बीच साइबर ठगों ने उन्हें केवाईसी अपडेट करने के नाम पर फर्जी लिंक भेजा। इसके झांसे में आने के बाद उनके बैंक खाते से 6 लाख 42 हजार रुपये निकल गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस जांच अधिकारी एएसआई सुनील कुमार के अनुसार, साइबर क्राइम थाना प्रभारी एसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद कैफ को जेल भेज दिया गया, जबकि मोहम्मद उजैक का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान ठगी की रकम और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर भेजे गए अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या फ्रीज कराने में मदद मिल सकती है।

