नमस्कार, वाराणसी की कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… सदर तहसील के मतदान केंद्र पर स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। सपा नेताओं ने दोबारा मतदान कराने की मांग की। अभिनेत्री आयशा खान एक शोरूम के उद्घाटन में पहुंचीं। उनकी एक झलक पाने और साथ में तस्वीर खिंचवाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। कैंट में स्कूल के पास तेंदुए जैसा जानवर CCTV में कैद हुआ। पटाखा विस्फोट में 85% झुलसी महिला ने 7 दिन बाद दम तोड़ दिया। अब सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें… 1. MLC चुनाव में आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, सपा ने की दोबारा चुनाव कराने की मांग सदर तहसील स्थित मतदान केंद्र पर स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हंगामे में पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सपा प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर वोट मांग रहे थे। वहीं, सपा नेताओं ने भाजपा पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग की। पढ़ें पूरी खबर… 2. पटाखा विस्फोट में 85% झुलसी महिला की मौत, 12 साल के बेटे का चल रहा इलाज वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में 15 अक्टूबर को पटाखा विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसी चांदनी बेगम (38) की गुरुवार देर शाम मौत हो गई। वह 85% झुलस गई थीं और कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिजन दो दिन पहले उन्हें निजी अस्पताल ले गए थे। हालत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल उनके 12 वर्षीय बेटे अदीब का इलाज जारी है। पढ़ें पूरी खबर… 3. स्कूल के CCTV में दिखा तेंदुए जैसा जानवर, वन विभाग बोला- फिशिंग कैट हो सकती है, चलाया सर्च ऑपरेशन वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित सेंट मेरीज स्कूल में गुरुवार की रात करीब 3 बजे तेंदुए जैसा संदिग्ध जानवर सीसीटीवी में कैद हुआ। फुटेज सामने आने के बाद वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन जानवर नहीं मिला। वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार सिंह ने आशंका जताई कि यह तेंदुआ नहीं, बल्कि फिशिंग कैट हो सकती है। फुटेज स्पष्ट नहीं होने से वन विभाग सतर्कता बरत रहा है। पढ़ें पूरी खबर… 4. MLC स्नातक में 35.04% वोटिंग हुई, शिक्षकों ने किया 68.72% मतदान, 21 केंद्रों पर हुई वोटिंग वाराणसी शिक्षक और स्नातक MLC चुनाव के लिए मतदान शाम 4 बजे खत्म हुआ। शिक्षक और ग्रेजुएट मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। स्नातक MLC पर 24, शिक्षक MLC पद पर 10 प्रत्याशी मैदान में रहे। स्नातक पद पर 35.04 प्रतिशत और शिक्षक पद के लिए 68.72 प्रतिशत मतदान हुआ। मतपेटिकाएं सील कर स्ट्रॉन्ग रूम पहाड़िया मंडी में पहुंचाई गईं। वाराणसी में 21 बूथों पर वोटिंग हुई। पढ़ें पूरी खबर… 5. वाराणसी पहुंचीं अभिनेत्री आयशा खान, एक झलक पाने को उमड़ी भीड़ वाराणसी में शुक्रवार को अभिनेत्री आयशा खान एक शोरूम के उद्घाटन में पहुंचीं। उनकी एक झलक पाने और साथ में तस्वीर खिंचवाने के लिए प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। आयशा ने काशी की तारीफ करते हुए कहा कि यह दिव्य नगरी है, जो विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने काशी की आध्यात्मिकता, खूबसूरती और खानपान की सराहना की। मां गंगा में नाव से घूमने के अनुभव को भी खास बताया। पढ़ें पूरी खबर… 6. एयर शो के दौरान जर्जर मकानों के लिए एडवाइजरी जारी, 424 मकान मालिकों को छत, छज्जे और बालकनी से दूर रहने के आदेश वाराणसी में नमो घाट पर एयर शो को देखते हुए नगर निगम ने गंगा किनारे स्थित 424 जर्जर मकानों के मालिकों को एडवाइजरी जारी की है। कमजोर छतों, छज्जों, मुंडेर और बालकनी पर लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भवन मालिकों को भीड़ जुटने से रोकने और असुरक्षित हिस्सों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई होगी। पढ़ें पूरी खबर… 7. काशी के शिल्पकार ने गुलाबी मीनाकारी से बनाया फाइटर प्लेन वाराणसी में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गुलाबी मीनाकारी शिल्पकार कुंज बिहारी सिंह ने ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो से प्रेरित होकर 400 ग्राम चांदी से लड़ाकू विमान की अनुकृति तैयार की है। इसे बनाने में करीब एक माह लगा। शिल्पकार इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समर्पित करना चाहते हैं। कलाकृति की तस्वीर देखकर कैलिफोर्निया और ऑस्ट्रेलिया समेत विभिन्न जगहों से करीब 100 पीस के ऑर्डर मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर… 8. काशी में मौसम साफ, AQI 126:अगले सप्ताह से सुबह दिखेगा हल्का कोहरा वाराणसी में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, हवा की रफ्तार 5 किमी प्रति घंटा और नमी 70% दर्ज की गई। हालांकि, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 126 रहने से प्रदूषण चिंता बढ़ा रहा है। यह मध्यम श्रेणी में है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह से सुबह हल्का कोहरा छाने की संभावना है। फिलहाल बारिश के आसार कम हैं। दिन में धूप और उमस परेशान कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर… 9. शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ काशी विद्वत परिषद की बैठक, बोले- मनुस्मृति के मूल स्वरूप में नहीं होगा बदलाव वाराणसी के केदारघाट स्थित श्रीविद्या मठ में श्रीकाशी विद्वत परिषद न्यास की बैठक में मनुस्मृति के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि इसके वास्तविक स्वरूप में बदलाव नहीं होगा। इस विषय पर देश के विद्वानों की बड़ी सभा बुलाकर पांडुलिपियों का अध्ययन किया जाएगा। बैठक में पंचांगों की तिथियों में एकरूपता लाने और ‘विद्वन् मनोरंजिनी’ त्रैमासिक पत्रिका प्रकाशित करने पर भी सहमति बनी। पढ़ें पूरी खबर… 10. खोचवा हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर का टच एंड गो रिहर्सल, 25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे मोदी पीएम मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे से पहले शुक्रवार को मिर्जामुराद के खोचवा हेलीपैड पर वायुसेना के हेलिकॉप्टर की टच एंड गो रिहर्सल हुई। यहां पांच हेलिपैड बनाए गए हैं, जिनमें तीन प्रधानमंत्री और दो मुख्यमंत्री व अन्य विशिष्ट लोगों के लिए हैं। एसपीजी ने हेलीपैड और उद्घाटन स्थल की सुरक्षा संभाल ली है। मोदी दौरे में अरविंद टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन करेंगे। पुलिस, दमकल और एंबुलेंस तैनात की गई हैं। पढ़ें पूरी खबर…

