प्रयागराज में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और शहर दक्षिणी विधायक नंद गोपाल गुप्ता नंदी के डिजिटल खजाने में सेंध लगा दी गई। आरोप है कि उनके निजी डाटा की चोरी कर ली गई। साथ ही जाली लेटरपैड तैयार करा लिया गया। इस मामले में मंत्री की सोशल मीडिया टीम में काम करने वाले दो पूर्व कर्मचारियों पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर मंत्री के सोशल मीडिया एवं मीडिया सलाहकार दिव्यांश शेखर सिंह की तहरीर पर दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। डिजिटल डाटा से लेकर यूट्यूब अकाउंट तक पहुंच मंत्री के मीडिया सलाहकार ने 22 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें बताया, कानपुर का रहने वाला गौरव मिश्रा मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की सोशल मीडिया टीम में वीडियो एडिटर और ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम करता था। वह डाटा कलेक्शन का काम भी संभालता था। इस वजह से उसके पास मंत्री से संबंधित डिजिटल डाटा, फोटो, हार्ड डिस्क और यूट्यूब अकाउंट का एक्सेस था। कंप्यूटर, दराज की जांच से खुला मामला आरोप है कि गौरव मिश्रा ने मंत्री कार्यालय से पहले ही निकाले जा चुके कर्मचारी दुर्गेश कुमार सिंह के साथ मिलकर सुनियोजित साजिश रची। दोनों ने कंप्यूटर से महत्वपूर्ण डाटा और दस्तावेज चोरी कर लिए। कार्यालय के अन्य सहकर्मियों ने जब कंप्यूटर और दराज की जांच की तो डिजिटल डाटा और जरूरी दस्तावेज गायब होने की जानकारी सामने आई। दोनों मुल्जिमों की मंशा का पता लगाने की मांग इस मामले में सबसे गंभीर आरोप मंत्री के सरकारी लेटरपैड से जुड़ा है। प्रार्थनापत्र में दावा किया गया है कि दोनों कर्मचारियों ने मंत्री के सरकारी लेटरपैड की कूटरचना की यानी जाली लेटरपैड भी तैयार किया। आशंका जताई गई है कि इन कथित फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कई जगह किया जा सकता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों ने मिलकर षड्यंत्र के तहत ऐसा किया। ऐसे में इसके पीछे की मंशा और उद्देश्य का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जरूरत है। थाना प्रभारी बोले- FIR दर्ज पर ज्यादा जानकारी नहीं पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार शाम एफआईआर दर्ज की। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। कोतवाली थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामला क्या है, इस सवाल पर बोले कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मैं मेला डयूटी में हूं, ज्यादा जानकारी नहीं है।

